दिल्ली में जल संकट जारी, पानी की कमी से जूझ रहे हैं राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाके

दिल्ली में जल संकट लगातार जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में टैंकर से पानी के वितरण केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। अधिकतर जगहों पर टैंकरों के आसपास पानी के लिए लोगों की भीड़ सामान्य बात है। संगम विहार, महरौली, वसंत विहार, ओखला, वसंत कुंज, चाणक्यपुरी, नरेला, रोहिणी, उत्तम नगर, जनकपुरी, विकासपुरी, मोती नगर, पटेल नगर, छतरपुर, करावल नगर, मुखर्जी नगर, गीता कॉलोनी, कृष्णा नगर तथा शाहदरा सहित कई इलाके अब भी पानी की कमी से जूझ रहे हैं। इसके कारण दिल्‍ली में जगह-जगह पर विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक टकराव देखने को मिल रहा है।

नई दिल्‍ली नगर पालिका परिषद क्षेत्र भी पानी की कमी से प्रभावित है। परिषद के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मीडिया से बात करते हुए दिल्ली सरकार पर टैंकर और टेंडर माफिया को बचाने तथा उस पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया है। उन्होंने लोगों और आवासीय कालोनियों के संघों से पानी का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने का आग्रह किया।

इस बीच, दिल्ली सरकार ने आरोप लगाया है कि हरियाणा की भाजपा सरकार राजनीतिक साजिश के तहत दिल्ली की पानी आपूर्ति रोक रही है। दिल्‍ली की जल मंत्री आतिशी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उन्‍होंने इस मामले में प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर तुरंत हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है जिससे इसका समाधान हो सके।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला