June 21, 2024 8:17 PM

झारखंड लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा कल से शुरू होगी, 24 जून तक चलेगी

झारखंड लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा कल से शुरू हो रही है, जो 24 जून तक चलेगी। यह परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर दो बजे से लेकर शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। जेपीएससी की मुख्य परीक्षा के लिए रांची में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों को झारखंड लोक सेवा आयोग के कुल 342 पदों पर नियुक्त करेगा।

June 21, 2024 8:16 PM

केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी का आज पहली बार गिरिडीह पहुंचने पर भाजपा कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया

केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी का आज पहली बार गिरिडीह पहुंचने पर भाजपा कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि झारखंड की महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए वह विशेष पहल करेंगी। उन्होंने राज्य  सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में राज्य की स्थिति बदहाल हो गयी है।

June 21, 2024 8:14 PM

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आकाशवाणी केन्द्र रांची में भी योग सत्र का आयोजन किया गया

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आकाशवाणी केन्द्र रांची में भी योग सत्र का आयोजन किया गया। इसमें केन्द्र प्रमुख डीसी हेम्ब्रम और उपनिदेशक अभियंत्रण एपी सिंह समेत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर केन्द्र प्रमुख ने कहा कि हर किसी को योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।

June 21, 2024 8:22 PM

दुमका के इनडोर स्टेडियम में भी आज उपायुक्त ए. दोड्डे के नेतृत्व में 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया

दुमका के इनडोर स्टेडियम में भी आज उपायुक्त ए. दोड्डे के नेतृत्व में 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। योग शिविर में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार के साथ जिला प्रशासन के तमाम अधिकारियों, शहर के गणमान्य लोगों और स्कूल के छात्र छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान योग गुरुओं ने निरोग रहने के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया। विभिन्न संगठनों द्वारा भी इस अवसर पर अलग अलग स्थानों पर योग शिविर लगाए गए, जिनमें पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व मंत्री लुईस मरांडी, एनसीसी के कैडेट्स ने सामूहि...

June 21, 2024 9:17 PM

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड सरकार की ओर से रांची के बिरसा मुंडा फन पार्क में राजकीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड सरकार की ओर से रांची के बिरसा मुंडा फन पार्क में राजकीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयुष निदेशालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि रांची विधायक सीपी सिंह और स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव एके सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राजकीय कार्यक्रम में राज्य योग केंद्र की योग प्रशिक्षक डॉक्टर अर्चना कुमारी ने लोगों को योग कराया।

June 21, 2024 4:20 PM

रांची में जिला प्रशासन द्वारा रथ मेला की तैयार शुरू

रांची में जिला प्रशासन द्वारा रथ मेला की तैयार शुरू कर दी गयी है। 6 जुलाई से 17 जुलाई तक रथ मेला का आयोजन होना है। जगन्नाथपुर रथ यात्रा में मेला लगाने वाले वेंडर के लिए जिला प्रशासन द्वारा टेंडर जारी कर कहा गया है कि छह से 17 जुलाई तक के लिए मंदिर के आस-पास करीब इकतालीस एकड़ से कुछ अधिक भूमि मेले के लिए उपलब्ध है। आवेदक निविदा में भाग लेने से पहले या आवेदन भरने से पहले मेला परिसर का समुचित निरीक्षण कर लें। मेले का ठेका लेने के लिए न्यूनतम बोली 31 लाख रुपए से शुरू होगी।

June 21, 2024 4:18 PM

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 20 जून को दक्षिण पश्चिम मानसून का थोड़ा और विस्तार हुआ

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 20 जून को दक्षिण पश्चिम मानसून का थोड़ा और विस्तार हुआ है। 22 जून तक मानसून के आगमन के सकारात्मक संकेत झारखंड और उससे सटे हिस्सों में देखने को मिल सकते हैं। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने झारखंड के उत्तरी पूर्वी एवं दक्षिण पूर्व भाग में आज 21 जून को भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 23 जून को उत्तर पूर्वी संथाल में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। राज्य में आने वाले दिनों में धीरे-धीरे मानसून का विस्तार देखने को मिलेगा और गर्मी से भी...

June 21, 2024 4:15 PM

गिरिडीह के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में आयोजित योग दिवस समारोह में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शामिल हुई

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्यभर में योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गिरिडीह के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में आयोजित योग दिवस समारोह में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शामिल हुई। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस मौके पर लोगो को बधाई दी और कहा है कि योग से शरीर निरोग रहता है। गिरिडीह में सर जे सी बोस उच्च विद्यालय समेत दर्जन भर स्थानों पर योग दिवस मनाया गया।

June 21, 2024 4:12 PM

योग हमारे शरीर, मन एवं प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करता है: राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज सोशल मीडिया एक्स पर जारी एक संदेश में कहा है कि योग हमारे शरीर, मन एवं प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। इससे मन एकाग्र और तनावमुक्त रहता है। उन्होंने सभी से अपनी दिनचर्या में नियमित योगाभ्यास को शामिल करने की सलाह दी।

June 21, 2024 4:02 PM

मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अद्यतन कार्य प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की

मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कल झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों की उपस्थिति में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अद्यतन कार्य प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में शीघ्र मुख्यमंत्री बहन बेटी स्वावलम्बन प्रोत्साहन योजना की शुरुआत करें। इस योजना के तहत 25 वर्ष से ऊपर तथा 50 वर्ष से कम उम्र की सभी वर्ग की गरीब जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।