फिजी के राष्ट्रपति रातू विलियामे मैवलीली काटोनिवेरे ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का सुवा स्टेट हाउस में किया स्वागत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आज सुवा स्टेट हाउस में फिजी के राष्ट्रपति रातू विलियामे मैवलीली काटोनिवेरे ने गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-फिजी संबंधों को और मजबूत करने पर सार्थक चर्चा हुई। राष्ट्रपति ने कहा कि स्टेट हाउस में उन्होंने राज्य प्रमुखों के आवासों के सौरीकरण की परियोजना के विकास की भी समीक्षा की। यह परियोजना भारत के सहयोग से चलाई जा रही है, जिसका उद्घाटन पिछले वर्ष फरवरी में किया गया था।
 
फिजी की राजधानी सुवा में भारतवंशियों और भारत मित्रों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सम्मान में स्वागत समारोह का आयोजन किया। समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि फिजी में उन्‍हें घर जैसा महसूस हो रहा है। राष्ट्रपति मुर्मु ने भारतीय मूल के लोगों द्वारा अपनी संस्कृति और पारंपरिक मूल्‍य अक्षुण्ण रखे जाने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की। उन्होंने कहा कि यह जानकर उन्‍हें अत्‍यंत प्रसन्‍नता है कि फिजी में गिरमिट दिवस सामूहिक अवकाश का दिन है और हिन्‍दी फिजी की आधिकारिक भाषा है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि फिजी में भारतवंशियों ने फिजी और प्रशांत क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान किया है। उन्होंने कहा कि भारत और फिजी के ऐतिहासिक संबंध रहे हैं और वर्तमान में भी उन्‍हें ग्लोबल साउथ की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। राष्‍ट्रपति मुर्मु फिजी की दो दिन की राजकीय यात्रा पर है।  
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला