May 5, 2024 8:16 PM

printer

7 मई को होने वाले मतदान को लेकर मतदान दलों की रवानगी का सिलसिला आज से शुरू

छत्तीसगढ़ के सात संसदीय क्षेत्रों में सात मई को होने वाले मतदान को लेकर मतदान दलों की रवानगी का सिलसिला आज से शुरू हो गया है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्टर और निर्वाचन अधिकारी लीना कमलेश मंडावी ने कटघोरा के लिए दो सौ छब्बीस मतदान दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रदेश के अन्य संसदीय क्षेत्रों में मतदान दलों को कल रवाना किया जाएगा।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मतदान केन्द्र के लिए रवाना होने वाले मतदान दलों को मेडिकल किट भी दिया जा रहा है। इसमें तेरह जरूरी दवाइयों के साथ ही ओ.आर.एस. पैकेट्स शामिल हैं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से सभी हेल्थ सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को भी अलर्ट किया गया है।
इस बीच, मौसम विभाग की ओर से मतदाताओं के लिए परामर्श जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि बुजुर्ग मतदाता सुबह 10 बजे तक या शाम को 4 बजे के बाद मतदान करें। इससे तापमान का शरीर पर ज्यादा असर नहीं होगा। वहीं, मतदान के पहले तरल पेय का सेवन करें। इसके साथ ही अपने साथ शुद्ध पेयजल रखें, जिसे थोड़ी -थोड़ी देर में पीते रहे। इसी तरह मतदान केन्द्र जाते वक्त शरीर को अच्छी तरह से ढंक ले। धूप में ज्यादा देर खड़े नहीं रहे और हो सके तो छाया में रहे। 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला