April 26, 2024 11:38 AM

printer

21वाँ एशियाई यू-20 एथलेटिक्‍स चैम्पियनशिपः 3000 मीटर की स्‍टीपलचेज स्‍पर्धा में भारतीय एथलीटों ने स्‍वर्ण पदक जीता

एथलेटिक्‍स में कल रात दुबई में 21वें एशियाई यू20 एथलेटिक्‍स चैम्पियनशिप प्रतिस्‍पर्धा के दूसरे दिन पुरुष और महिलाओं की तीन हजार मीटर की स्‍टीपलचेज स्‍पर्धा में भारतीय एथलीटों ने स्‍वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ पदकों की संख्‍या तीन हो गई। एकता दे ने लगभग दस मिनट 31 सेकंड में महिलाओं की तीन हजार मीटर की स्‍टीपलचेज स्‍पर्धा में स्‍वर्ण पदक अपने नाम किया।

वहीं, रणवीर सिंह ने लगभग नौ मिनट 23 सेकण्‍ड में पुरुषों की स्‍पर्धा में स्‍वर्ण पदक जीता। इससे पहले अनुराग सिंह कालेर ने पुरुषों की शॉटपुट स्‍पर्धा में स्‍वर्ण पदक जीता। भारतीय एथलीटों ने आज कुल सात पदक जीते। सुबह के सत्र में रेस वॉकर आरती ने महिलाओं की दस मीटर की रेस में कांटे की टक्‍कर में कांस्‍य पदक जीता। बाद में थ्रोवरों ने तीन और पदक जीते। इसमें एक स्‍वर्ण पदक भी शामिल हैं। पिछली बार के चैम्पियन सिद्धार्थ चौधरी ने दूसरे प्रयास में 19 दशमलव शून्‍य दो मीटर गोला फेंक कर कांस्‍य पदक जीता। अमानत कम्‍बोज ने रजत पदक जीता। उनका 50 दशमलव 45 मीटर दूर गोला फेकना श्रेष्‍ठ प्रदर्शन है। अमन चौधरी ने 47 दशमलव 53 सेकण्‍ड में पुरुषों के चार सौ मीटर रेस में कांस्‍य पदक जीता।  

31 पुरुष और 29 महिलाओं के कुल 60 भारतीय एथलीट संयुक्‍त अरब अमीरात के दुबई में बुधवार को शुरू हुए एशियाई यू20 एथलेटिक्‍स चैम्पियनशिप 2024 में भाग ले रहे हैं।    

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला