हांगचोओ में एशियाई खेलों में, भारत के रोहन बोपन्ना और रुतुजा भोसले ने मिश्रित युगल टेनिस में स्वर्ण पदक जीता

चीन के हांगचोओ में आयोजित 19वें एशियाई खेलों में भारत को आज का पहला पदक निशानेबाजी में मिला है। सरबजोत सिंह और दिव्या ने दस मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया। भारतीय जोड़ी ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन अंत में चीनी निशानेबाजों ने 16-14 के अंतर से मैच अपने नाम किया। टेनिस में मिक्‍स्‍ड डबल्‍स में रोहन बोपन्ना और रुतुजा भोसले की जोड़ी ने स्‍वर्ण पदक जीत लिया है।
 
मुक्‍केबाज़ी में आज भारत के दो मुक्केबाजों ने अपने पदक पक्के कर लिए हैं। प्रीती ने 54 किलोग्राम और और लवलीना ने 75 किलोग्राम भारवर्ग में कोरियाई मुक्केबाजों के खिलाफ मैच जीत कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही प्रीती ने पेरिस ओलंपिक का टिकट भी हासिल कर लिया है। इसके बाद निशांत देव और सचिन रिंग में उतरेंगे। एथलेटिक्स में अजय कुमार सरोज और जिन्सन जॉनसन ने 1500 मीटर हीट के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

भारोत्तोलन में आज दोपहर डेढ बजे मीराबाई चानू 49 किलोग्राम भार वर्ग में अपना दमखम दिखाएंगी और बिंद्यारानी देवी 55 किलोग्राम भार वर्ग में शाम साढ़े चार बजे मुकाबले में होंगी।  पुरुष हॉकी में आज शाम भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। भारत ने अब तक 34 पदक हासिल किए हैं। इनमें आठ स्वर्ण, 13 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं और भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला