छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में डायरिया, मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों का प्रभाव बढ़ने के मामलों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि स्वास्थ्य केन्द्रों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस बीच बिलासपुर जिले के कलेक्टर अवनीश शरण ने मलेरिया प्रभावित कुरदर, छुईहा, टेंगनमाड़ा सहित कई गांवो का दौरा किया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को रोज शाम को जनचौपाल लगाकर लोगों में जागरूकता फैलाने को कहा है। उन्होंने एक बाईक एम्बुलेंस को कुरदर में चौबीस घण्टे तैनात रखने के निर्देश दिए।
वहीं, जांजगीर-चांपा कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में डायरिया से बचाव के लिए सभी जिला और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने डायरिया रोकने के लिए अधिकारियों को जनजागरूकता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।