May 21, 2024 8:34 PM

printer

लोकसभा चुनाव के पेश दो चरणों के लिये प्रदेश में चुनाव प्रचार तेज़

लोकसभा चुनाव के पेश दो चरणों के लिये प्रदेश में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने आज बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बस्ती और आजमगढ़ पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। श्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में हमें एक नये भारत का दर्शन हुआ है, जिस भारत में देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। भ्रष्टाचार और आतंकवाद पर पूरी तरह से काबू पाया गया है। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आज इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में आजमगढ़ और भदोही में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश की सभी सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत का दावा किया। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा का वादा झूठा साबित हुआ है। भाजपा सरकार युवाओं और किसानों की मदद करने में पूरी तरह से फेल हुई है। उन्होंने वादा किया कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जायेगा।
आजमगढ़ में जनसभा के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा, जिसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों को वहां से खदेड़ा। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने आज अम्बेडकर नगर में इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के लिये वोट मांगे। जनसभा के दौरान मंच टूटने से कई कार्यकर्ता नीचे गिर गये, लेकिन शिवपाल बाल-बाल बच गये।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज जौनपुर में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करते हुए भाजपा को घेरा। बसपा सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि भाजपा मुफ्त राशन के नाम पर वोट मांग रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जो मुफ्त राशन दिया है, वह राशन जनता के टैक्स से दिया जा रहा है। इसलिए जनता भाजपा के बहकावे में नहीं आयेगी। उन्होंने कहा कि बसपा इकलौती ऐसी पार्टी है, जिसने पूंजीपतियों से एक भी पैसा कभी नहीं लिया है।
उन्होंने कहा- कांग्रेस, बीजेपी अन्य सभी विरोधी पार्टियों ने इस देश के बड़े-बड़े पूंजीपतियों व धन्नासेठों से अपने पार्टी संकल्प को चलाने व चुनावी वादे कराने के लिये बांड के जरिये अरबों, खरबों रुपया इस देश के बड़े बड़े पूंजीपतियों व धन्नसेठों से लिया है। लेकिन आप लोगों को जानकर यह खुशी होगी कि बहुजन समाज पार्टी देश में मात्र एक ऐसी पार्टी है जिसने एक भी रुपया किसी भी बड़े पूंजीपति व धन्नासेठों से नहीं लिया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला