लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में झारखंड की तीन संसदीय सीटों पर चतरा, कोडरमा और हजारीबाग के साथ गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए कल सुबह सात बजे से शाम के पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त के. रवि कुमार ने बताया कि हजारीबाग, कोडरमा और चतरा में छह हजार सात सौ पांच बूथों पर अनठावन लाख चौंतीस हजार छह सौ अठारह मतदाता 54 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
चतरा में भाजपा की ओर से कालीचरण सिंह और इंडी गठबंधन की ओर से कांग्रेस नेता के. एन त्रिपाठी के बीच मुख्य मुकाबला है। हजारीबाग से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल और कांग्रेस नेता जेपी पटेल आमने-सामने हैं। वहीं कोडरमा में केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता अन्नपूर्णा देवी, निर्दलीय प्रत्याशी जय प्रकाश वर्मा और इंडी गठबंधन के साझा प्रत्याशी सह भाकपा माले विधायक विनोद सिंह के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
वहीं गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए तीन सौ पचहत्तर बूथों पर तीन लाख सोलह हजार दो सौ चौदह मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां पर इंडी गठबंधन से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और एनडीए की ओर से दिलीप कुमार वर्मा चुनावी मैदान में हैं।
कल होने वाले चुनाव के लिए बीस हजार अर्द्धसैनिक बलों के अलावा सत्ताईस हजार राज्य बल के जवान शामिल हैं जबकि तीन हजार पुलिस पदाधिकारियों की भी तैनाती की गई है।
Site Admin | May 19, 2024 7:49 PM
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में प्रदेश की तीन संसदीय सीटों पर कल मतदान