May 19, 2024 1:54 PM

printer

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में कई मंत्रियों सहित 695 उम्मीदवार मैदान में, वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की किस्मत का होगा फैसला

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में, कल के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस चरण में छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इनमें उत्तर प्रदेश की 14, महाराष्ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की सात, ओडिशा और बिहार की पांच-पांच, झारखंड की तीन और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की एक-एक सीट शामिल हैं।

इस चरण में कई मंत्रियों और सांसदों सहित 695 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी और पीयूष गोयल, कांग्रेस के राहुल गांधी और के. एल. शर्मा, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला और लोक जनशक्ति पार्टी -रामविलास गुट के चिराग पासवान शामिल हैं।

मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा। ओडिशा विधानसभा की 35 सीटों पर भी कल ही मतदान होगा। 94 हजार 732 मतदान केंद्रों पर 9 लाख 47 हजार से अधिक मतदानकर्मी तैनात किए जाएंगे। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त छाया, पीने के पानी, रैम्प, शौचालय, व्हीलचेयर आदि की व्यवस्था होगी। भीषण गर्मी को देखते हुए निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गई है।

चुनाव के पहले चार चरणों में अब तक 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 379 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो चुका है। इन चुनावों में लगभग 67 प्रतिशत मतदान हुआ है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला