लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता जनसभा के साथ-साथ रैलियों के माध्यम से दल के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील कर रहें है। इसी क्रम में हाथरस जिले के कस्बा सिकंदराराऊ में भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने पहले दो चरणों में पार्टी को मिले समर्थन पर संतोश जताया और मोदी सरकार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि इन दस सालों में दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद और नक्सलवाद खत्म हुआ है। चारो तरफ विकास के द्वार खुले हैं। उन्होंने कहा कि एक जिला एक उत्पाद के माध्यम से स्थानीय उत्पादकों को पहचान मिल रही है। हाथरस की हींग की खुशबू आज चारों ओर फैल रही है। उधर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करने के साथ ही रोड-शो के माध्यम से पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील की। अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
Site Admin | April 27, 2024 7:59 PM
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार अभियान तेज