लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार आज शाम पांच बजे खत्म हो गया। इस चरण में नौ राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 96 सीटों पर 13 मई को मतदान होगा। चौथे चरण में प्रदेश की जिन 13 संसदीय सीटों के लिये मतदान होना है उनमें शाहजहांपुर, खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर और बहराइच शामिल हैं। इस चरण में कई प्रमुख उम्मीदवारों की राजनीतिक प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कन्नौज संसदीय सीट से अपना राजनीतिक भाग्य आजमा रहे हैं। पिछली बार इस सीट से भाजपा के सुब्रत पाठक विजयी रहे थे। वह इस बार भी भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव समर में हैं। खीरी लोकसभा क्षेत्र से मौजूदा सांसद और केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी एक बार फिर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं उन्नाव संसदीय सीट से सच्चिदानंद साक्षी पुनः भाजपा के उम्मीदवार हैं। यहीं से गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी अनु टंडन एक बार फिर अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहीं हैं।
वह 2009 में कांग्रेस के टिकट पर यहां से निर्वाचित हो चुकी हैं। पिछले संसदीय चुनाव में इन सभी तेरह सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने विजय पताका फहराई थी।
Site Admin | May 11, 2024 7:45 PM
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार आज शाम पांच बजे खत्म हो गया