May 19, 2024 7:16 PM

printer

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता चुनावी मैदान में

लोकसभा चुनाव के छठें और अंतिम चरण में सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं और स्टार प्रचारकों ने अलग-अलग स्थानों पर चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जौनपुर जिले के मडियाहू रामलीला मैदान में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाना भाजपा की प्राथमिकता थी। आने वाले समय में भाजपा सरकार जम्मू कश्मीर का हिस्सा पाक अधिकृत कश्मीर लेकर रहेगी। वहीं, जिले के शाहगंज में भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनी तो जौनपुर में विकास की गंगा बहेगी। आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के मेंहनगर और लालगंज लोकसभा क्षेत्र के फूलपुर की चुनावी जनसभाओं के दौरान श्री योगी ने कहा कि अगर तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी तो सत्तर वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का मुफ्त इलाज होगा।
भाजपा नेता और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संतकबीरनगर लोकसभा क्षेत्र के खजनी विधानसभा में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। प्रयागराज और फूलपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों को कानूनी न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देगी। किसानों का कर्ज भी माफ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने पर अग्निवीर योजना को खत्म कर दिया जाएगा और सेना में पुरानी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस मौके पर कहा कि इंडिया गठबंधन पक्की नौकरी दिलाएगा। उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारों के खाते में वह लोग हर साल एक लाख रुपये देने जा रहे हैं।
उधर, बसपा सुप्रीमों मायावती ने मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना में घोसी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया । उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी अकेले अपने बलबूते पर चुनाव लड़ रही है । पार्टी ने टिकट बंटवारे में सर्वसमाज के लोगों को उचित भागीदारी दी है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला