राज्य सरकार ने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चयनित गांवों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल सहित अन्य सुविधाओं को बहाल करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधू ने आज देहरादून में हुई बैठक में कहा कि वाइब्रेंट विलेज का हर गांव विशिष्ट है और उसकी अपनी क्षमताएं व संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र की क्षमताओं और संभावनाओं को तलाशते हुए योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को चिन्हित वाइब्रेंट विलेज को वाइब्रेंट बनाने के लिए ऐसी योजनाओं को संचालित करने के निर्देश दिए जो व्यावहारिक और सतत हों। उन्होंने इन सभी क्षेत्रों में भेड़-बकरी पालन से रोजगार की सम्भावनाओं को देखते हुए इससे संबंधित विशेष योजनाएं चलाने पर भी जोर दिया। डॉक्टर संधू ने पंचायती राज विभाग को प्रत्येक वाइब्रेंट विलेज में पंचायत भवन और खेल विभाग को भूमि की उपलब्धता के अनुसार खेल का मैदान अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय धार्मिक-आध्यात्मिक घटनाओं से सम्बन्धित वाइब्रेंट विलेज की जानकारी के साइनेज बोर्ड लगाने को कहा, ताकि पर्यटक इनकी ओर आकर्षित हों।
News On AIR | September 27, 2023 6:05 PM | वाइब्रेंट विलेज योजना
राज्य सरकार ने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चयनित गांवों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल बहाल करने के दिये निर्देश