मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज रायपुर के माना स्थित चौथी बटालियन में बीजापुर जिले में माओवादी हमले में मारे गए जवान भरत लाल साहू के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने जवान के पार्थिव शरीर को कंधा देकर मोवा स्थित निवास के लिए रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान जवान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
गौरतलब है कि बीजापुर जिले में कल माओवादियों द्वारा किए गए हमले में स्पेशल टास्क फोर्स-एसटीएफ के दो जवानों की मौत हो गई थी। इस घटना में चार जवान घायल हुए हैं। एसटीएफ के आरक्षक भरत लाल साहू रायपुर जिले के रहने वाले थे। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने भरत लाल साहू की स्मृति में मोवा बाजार चौक रायपुर का नामकरण शहीद भरत लाल साहू चौक करने का निर्णय लिया है।