मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार देर शाम 55 नवनियुक्त सहायक अभियंताओं के साथ बातचीत की। इन अभियंताओं में से 43 हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड, 10 हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पाेरेशन लिमिटेड तथा 2 ऊर्जा विभाग में सेवा प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने अभियंताओं को लोगों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए ईमानदारी तथा समर्पण भाव से कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा तथा पर्यटन क्षेत्र प्रदेश की आर्थिकी सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं, जिससे हिमाचल प्रदेश एक आत्मनिर्भर राज्य बनेगा। प्रदेश सरकार राज्य की सम्भावित जल विद्युत ऊर्जा क्षमता के दोहन के लिए समर्पित है और ऊर्जा सृजन तथा इसकी क्षमता में बढ़ोतरी करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अभियंताओं को अद्यतन तकनीक के माध्यम से विशेषज्ञ कौशल विकसित करने को कहा जिससे हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड को अधिक राजस्व सृजित करने के लिए सक्षम बनाया जा सके। प्रदेश सरकार ऊर्जा क्षेत्र में सुधार लाने केे लिए प्रतिबद्ध है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक राजस्व सृजन है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने युवा अभियंताओं को चुनौतियों का सामना कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
News On AIR | October 1, 2023 3:18 PM | HIMACHAL PRADESH NEWS
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 55 नवनियुक्त सहायक अभियंताओं के साथ बातचीत की