इटली के जानिक सिनर ने कल रात अमरीका में मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स में जीत हासिल की । दूसरी वरीयता प्राप्त सिनर ने फाइनल में बुल्गारियाई खिलाड़ी ग्रिगोर दिमित्रोव को 6-3,6-1 से हराया। इस खिताब के साथ ही सिनर एटीपी विश्व रैंकिंग में स्पेन के कार्लोस अल्कारेज से आगे अपने करियर के सर्वोच्च दूसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे। वहीं दूसरी ओर गैर वरीयता प्राप्त अमरीकी खिलाड़ी डेनिएल कोलिन्स ने महिला सिंगल्स का खिताब जीता। कोलिन्स ने फाइनल में कजाकिस्तान की एलेना रयबाकिना को सीधे सेटों में 7-5, 6-3 से हराया।
इससे पहले भारत के रोहन बोपन्ना और उनके ऑस्ट्रेलियाई साथी मैथ्यू एबडेन ने ऐतिहासिक पुरुष डबल्स खिताब अपने नाम किया था। इस जोड़ी ने क्रोएशिया के इवान डोडिग और अमेरिका के ऑस्टिन क्राजिसेक को 6-7, 6-3,10-6 से हराकर खिताब जीता। 44 वर्षीय बोपन्ना, एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले सबसे बडी उम्र के खिलाडी और सभी नौ एटीपी मास्टर्स 1000 स्पर्धाओं के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय बन गए। इस जीत के साथ ही उन्होंने एटीपी रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान हासिल किया।