July 18, 2024 7:00 PM

printer

बीजापुर जिले में माओवादियों द्वारा किए गए हमले में स्पेशल टास्क फोर्स-एसटीएफ के 2 जवानों की मौत

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज माओवादियों द्वारा किए गए हमले में स्पेशल टास्क फोर्स-एसटीएफ के 2 जवानों की मौत हो गई। इस घटना में चार जवान घायल हुए हैं। जिले के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने बताया कि सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, सीएएफ, डीआरजी और एसटीएफ के जवान सुकमा-बीजापुर जिले के सीमावर्ती इलाके में सर्च ऑपरेशन के बाद लौट रहे थे। तभी तर्रेम इलाके के मंडीमरका के जंगलों में माओवादियों ने जवानों को निशाना बनाते हुए पाइप बम का विस्फोट किया। इसकी चपेट में आने से एसटीएफ के प्रधान आरक्षक भरतलाल साहू और आरक्षक सतेर सिंह की मौत हो गई।

इन दोनों जवानों को बीजापुर की पुलिस लाईन में श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान मौजूद थे। श्रद्धांजलि देने के बाद दोनों जवानों के पार्थिव शरीर को उनके गृहग्राम के लिए रवाना किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवानों की शहादत पर दुख जताया और जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि माओवाद के खात्मे के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान से माओवादी विचलित हैं और इस तरह की कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला