छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। बीजापुर टापू बन गया है। वहीं, सुकमा जिले के कई नदी-नाले उफान पर है। बस्तर की इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हमारे संवाददाताओं से मिली जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय जगदलपुर के निचले इलाकों में पानी भर गया है। बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने शहर के जलमग्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को पानी निकासी की व्यवस्था सहित ड्रेनेज की साफ-सफाई के निर्देश दिए हैं। इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वह खतरे से निशान से मात्र ढाई फीट नीचे बह रही है।
उधर, बीजापुर जिले में भी नदी-नाले उफान पर हैं। जगदलपुर से बीजापुर-भोपालपट्नम राष्ट्रीय राजमार्ग में जगह-जगह पानी भरने से आवागमन बाधित हो गया है। भैरमगढ़ कन्या आश्रम में पानी भर जाने के बाद बच्चों को रेस्क्यू कर आश्रम से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
वहीं, सुकमा जिले में पिछले चौबीस घंटों से हो रही अनवरत बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। दोरनापाल-कोंटा राष्ट्रीय राजमार्ग में पानी भरने से आवागमन बाधित हो गया है।
इस बीच, मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में कल एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मध्य छत्तीसगढ़ रहेगा।
Site Admin | July 20, 2024 9:04 PM
बस्तर संभाग में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया