प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज टाटानगर रेलवे स्टेशन से टाटानगर-पटना वंदेभारत ट्रेन सहित छह वंदे भारत रेलगाड़ियों को रवाना करेंगे। इनमें ब्रह्मपुर-टाटानगर, राउरकेला-हावड़ा, देवघर-वाराणसी, भागलपुर-हावड़ा और गया-हावड़ा ट्रेन शामिल हैं।
श्री मोदी छह सौ साठ करोड़ रुपये से अधिक की कई रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और लोकार्पण करेंगे। इनमें मधुपुर बाईपास रेल लाइन, हजारीबाग टाउन रेल कोचिंग डिपो और चार रेल अंडर ब्रिज भी शामिल हैं। वे टाटानगर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के बीस हजार लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र भी प्रदान करेंगे। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चैहान, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी उपस्थित रहेंगे।
इधर, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री के झारखंड आगमन का स्वागत किया है। जमशेदपुर के लिए रवाना होने से पहले सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा है कि झारखंड के तेज विकास के लिए केंद्र सरकार कृत संकल्पित हैं।
उन्होंने लिखा है कि आज वे प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों से जुड़े कार्यक्रम का भी हिस्सा बनेंगे। इधर, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चैहान ने बताया कि प्रधानमंत्री पांच करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर करेंगे। श्री चैहान ने कहा कि 46 हजार लाभार्थियों के नवनिर्मित घरों का गृह-प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री जमशेदपुर के गोपाल मैदान में जनसभा को सम्बोधित करने से पहले लगभग डेढ़ किलोमीटर का रोड शो भी करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हमारे जमशेदपुर संवाददाता ने खबर दी है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।