May 22, 2024 8:04 PM

printer

प्रदेश में शेष बचे चरणों के लिए योगी आदित्यनाथ ने जौनपुर, बस्ती, भदोही, और सुल्तानपुर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा की

प्रदेश में शेष बचे चरणों के लिये मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने जौनपुर, बस्ती, भदोही, और सुल्तानपुर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा की। श्री योगी ने कहा कि सपा की रैलियों में रोज दिख रही अराजकता और मारपीट से यह साफ है कि सपा के लोग अपने नेता का सम्मान भी नहीं करते। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में प्रदेश में उद्योग धंधों की हालत खराब थी और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल थी। भाजपा सरकार ने प्रदेशभर में कई मेडिकल कॉलेज बनवाये हैं और नये उद्योगों को बढ़ावा दिया है। श्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत न सिर्फ विकसित हुआ है, बल्कि आत्म निर्भर भी बना है।
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहन यादव ने महराजगंज और कुशीनगर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबके साथ सबके विकास को सिद्ध करके दिखाया है, जबकि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है।
वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी समस्याओं से त्रस्त है।
उन्होंने दावा किया कि लोगों में भाजपा के खिलाफ गुस्सा है, जो हर चरण के चुनाव के साथ बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा- जो गुस्सा जनता का देखा है भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ, जो गुस्सा हमे दिखाई दिया पहले चरण में वो गुस्सा बढ़ता चला जा रहा है और सातवें चरण जब आएगा तो जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर होगा बताओ भारतीय जनता पार्टी का सफाया होना तय हो गया कि नहीं हो गया।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज सुल्तानपुर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा के साथ सपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में जब सपा की सरकार थी तो किसानों, पिछड़ों, वंचितों के साथ भेदभाव किया गया और मौजूदा भाजपा सरकार भी उसी नीति पर चल रही है। इससे सर्वसमाज में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि आरक्षण की बात करके केवल लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला