प्रदेश की चौदह लोकसभा सीटों और गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए कल सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु होगी। मतगणना को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दो केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी और इंडी गठबंधन के नेता कालीचरण मुंडा, विजय हांसदा, सुखदेव भगत समेत 244 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का कल फैसला होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि सभी 14 केंद्रों पर मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। नियमित अंतराल पर हर राउंड के नतीजे की घोषणा होती रहेगी। रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि संभावना है कि शाम चार बजे तक मतगणना पूरी हो जाएगी। नतीजे ऑनलाइन भी देखे जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पूरे चुनाव के दौरान तीन पुलिसकर्मी, 2 ड्राइवर और एक चुनावकर्मी की अलग-अलग कारणों से मौत हुई है। सभी के परिजनों को नियमानुसार अनुग्रह अनुदान का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक झारखंड में 135 करोड़, 29 लाख की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गयी है।
Site Admin | June 3, 2024 3:04 PM
प्रदेश की चौदह लोकसभा सीटों और गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए कल सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु होगी