मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व सहित प्रदेश के अन्य जंगलों में बाघों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर वन्य जीवों के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य करना होगा। श्री योगी ने कहा कि प्रदेश आज ईको पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उनकी सरकार आगे भी कार्य करती रहेगी। मुख्यमंत्री ने आज पीलीभीत के मुस्तफाबाद में ’वन्य प्राणी सप्ताह’ के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने वन्य जीव संरक्षण और सतत ईको पर्यटन विकास कार्यशाला का शुभारम्भ किया। साथ ही, विकास प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन की सुविधाएं बढ़ाने के साथ-साथ वन्य जीवों की सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जाए। उन्होंने पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या दोगुने से भी अधिक होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर प्रदेश के वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉक्टर अरुण सक्सेना भी उपस्थित रहे।
News On AIR | October 6, 2023 6:50 PM | Gorkhpu | UTTAR PRADESH HEADLIES | UTTAR PRADESH NEWS
पीलीभीत टाइगर रिजर्व सहित प्रदेश के अन्य जंगलों में बाघों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है–मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ