September 5, 2024 1:56 PM

printer

पिछले 10 वर्षों में 32 गुना बढ़ी भारत की सौर ऊर्जा क्षमता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

भारत की सौर ऊर्जा क्षमता पिछले 10 वर्षों में 32 गुना बढ़ गई है और इस गति से देश को 2030 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म क्षमता हासिल करने में मदद मिलेगी।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले दो-दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सौर महोत्सव को संबोधित करते हुए यह बात कही। यह महोत्‍सव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। श्री मोदी ने कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में हरित ऊर्जा के क्षेत्र में कई बड़े कदम उठाए हैं और यह नवीकरणीय ऊर्जा में पेरिस प्रतिबद्धताओं को हासिल करने वाला पहला जी-20 राष्ट्र है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2015 में स्थापित अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) नीति और कार्रवाई को प्रेरित करने वाले एक विशाल वृक्ष के रूप में विकसित हो रहा है और कुछ ही समय में इसकी सदस्यता 100 देशों तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि 19 और देश पूर्ण सदस्यता प्राप्त करने की ओर बढ रहे हैं। यह बताता है कि इस संगठन का विकास एक विश्व, एक सूर्य की दृष्टि के लिए महत्वपूर्ण है।

 

अपने संबोधन में श्री मोदी ने कहा कि वेदों के सबसे लोकप्रिय मंत्रों में से एक सूर्य के बारे में है और आज भी लाखों भारतीय प्रतिदिन इसका जाप करते हैं। उन्होंने कहा कि दुनियां भर में कई संस्कृतियों ने अपने-अपने तरीके से सूर्य का सम्मान किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सौर महोत्सव सूर्य के प्रभाव को रेखांकित करने के लिए सम्‍पूर्ण विश्‍व को एक साथ लाता है और यह पृथ्‍वी को बेहतर बनाने में मदद करेगा।

 

इस अवसर पर केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सौर ऊर्जा से संचालित भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए एकजुट प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत सदियों से सौर ऊर्जा का उपयोग कर रहा है और समय के साथ इसके उपयोग के तौर-तरीके भी बदले जा रहे हैं।

 

अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन -आईएसए एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो दुनिया भर में ऊर्जा की पहुंच बढाने और सुरक्षा में सुधार के लिए सरकारों के साथ काम करता है। यह संगठन कार्बन मुक्‍त वातावरण के लिए एक स्थायी मार्ग के रूप में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देता है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अंतर्राष्ट्रीय सौर महोत्सव का उद्देश्य संगठन के सदस्य देशों में समुदायों पर सौर ऊर्जा के परिवर्तनकारी प्रभाव का उजागर करता है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला