झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ० विद्युत रंजन सारंगी ने रांची के मांडर प्रखंड में कल ग्राम न्यायालय का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्राम न्यायालय के खुल जाने से ग्रामीणों को प्रखंड में ही न्याय मिलेगा। यह न्यायालय जटिल कानून व्यवस्था को सुलभ बनाने में काफी मददगार साबित होगा। इसका मुख्य उद्देश्य कानून व्यवस्था को सुलभ बनाना है।
मांडर का ग्राम न्यायालय कई मायनों में अहम होगा। ग्रामीणों को न्याय के लिए शहर का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। इस दौरान हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति, हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार , न्याय आयुक्त, मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोरंजन कुमार समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे। रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ० विद्युत रंजन षारंगी के प्रति आभार व्यक्त किया