केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में चल रहे व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और निर्वाचन भागीदारी अभियान के तहत कल उधमपुर जिले के रथियान पूर्व में आंगनबाड़ी केंद्र पंचायत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आकाशवाणी के जम्मू संवाददाता ने बताया है कि इस कार्यक्रम का आयोजन उधमपुर जिला चुनाव अधिकारी सलोनी राय के मार्गदर्शन में “मतदान करें और राष्ट्र का निर्माण करें” के नारे साथ मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया। इस कार्यक्रम में कई उत्साही महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अपने हाथों को जटिल डिजाइनों और सशक्त संदेशों से सजाकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता द्वारा आगामी लोकसभा चुनावों में महिलाओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया गया। प्रतिभागियों ने अपने मेहंदी डिजाइनों में चुनावी भागीदारी, नागरिक कर्तव्य और लोकतांत्रिक सिद्धांतों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतीकों को शामिल किया।
Site Admin | March 30, 2024 1:41 PM
जम्मू-कश्मीर में स्वीप अभियान के तहत उधमपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया