जम्मू कश्मीर में आज तड़के सीमा पर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों पर अकारण गोलीबारी की। गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि बीएसएफ जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन पाकिस्तान की ओर से हताहतों की संख्या के बारे में अभी पता नहीं चला है। बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि देर रात करीब 2 बजकर 35 मिनट पर अखनूर सेक्टर में सीमा पार से अकारण गोलीबारी की घटना हुई। गोलीबारी का बीएसएफ ने उचित जवाब दिया। पाकिस्तानी गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया। प्रवक्ता ने कहा कि सैनिक हाई अलर्ट पर हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा की कड़ी निगरानी कर रहे हैं। 25 फरवरी, 2021 को दोनों देशों द्वारा संघर्ष विराम समझौते को नवीनीकृत किया था, जिसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम उल्लंघन बहुत कम हुआ है।
Site Admin | September 11, 2024 11:10 AM
जम्मू कश्मीर: पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों पर अकारण गोलीबारी की