भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड- बीएचईएल, हरिद्वार के रक्षा एवं एयरोस्पेस विभाग ने भारतीय नौसेना के लिए अपनी पहली, अपग्रेडेड सुपर रैपिड गन माउंट (एसआरजीएम) तोप का निर्माण पूरा कर लिया है। बीएचईएल के कार्यपालक निदेशक टी. एस. मुरली ने इस तोप को हरी झंडी दिखाकर, उड़ीसा के बालासोर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह तोप, देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में बेहद अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इस तोप का निर्माण और आपूर्ति, प्रत्येक बीएचईएल कर्मी के लिए आत्मगौरव का विषय है। गौरतलब है कि यह तोप 35 किलोमीटर के दायरे में हवा, पानी और समुद्र में विभिन्न प्रकार के लक्ष्यों को भेद सकती है। साथ ही लक्ष्य की स्थिति के आधार पर विभिन्न प्रकार के गोला-बारूद का चयन करने में भी सक्षम है। भारतीय नौसेना द्वारा बीएचईएल को दिए गए 38 सुपर रैपिड गन माउंट तोपों की मांग के अंतर्गत, अभी यह पहली तोप है। इसके बाद बीएचईएल, 37 और ऐसी तोपों की आपूर्ति करेगा। बीएचईएल पिछले तीन दशकों से भारतीय नौसेना के लिए, सुपर रैपिड गन माउंट तोप का निर्माण कर रहा है और इससे पूर्व तक कुल 44 तोपों की आपूर्ति भी कर चुका है।
Site Admin | September 13, 2024 5:19 PM
उत्तराखंडः बीएचईएल हरिद्वार ने नौसेना के लिए बनाई पहली अपग्रेडेड एसआरजीएम तोप