आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पार्टी पर झूठे आरोप लगाने के लिए भाजपा की आलोचना की

 

    आम आदमी पार्टी ने मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पार्टी पर झूठे आरोप लगाने के लिए भाजपा की कड़ी आलोचना की है। नई दिल्‍ली में आतिशी ने भाजपा पर आम आदमी पार्टी के नेताओं को कमजोर करने के लिए प्रदेश की मशीनरी के दुरूपयोग का आरोप लगाया। उन्‍होंने दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय को आबकारी नीति घोटाला मामले में कोई धनराशि नहीं मिली। सुश्री आतिशी ने बताया कि गोआ न्‍यायालय द्वारा अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मामले को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर आम आदमी पार्टी से मुकाबला करना चाहती है तो उसे राजनीतिक युद्ध क्षेत्र में उतरना चाहिए।

    इस बीच, भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर पलटवार करते हुए सुश्री आतिशी को झूठा कहानीकार बताया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने आर्थिक संसाधनों की जरूरतों को पूरा करने के लिए आबकारी नीति बनाई थी। उन्होंने सुश्री आतिशी से पूछा कि आबकारी नीति में कोई अनियमितता नहीं थी तो केजरीवाल सरकार ने सीबीआई की जांच से पहले उसे वापस लेने के आदेश क्यों दिए। उन्होंने कहा कि आबकारी नीति घोटाले में सब कुछ सामने आ चुका है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला