Social Feed

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

September 26, 2024 8:00 AM

समाचार प्रभात

printer

मुख्‍य समाचार:

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज पुणे में देश में विकसित तीन परम रूद्र सुपर कम्‍प्‍यूटर राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे।
  • जम्‍मू कश्‍मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 57 दशमलव शून्‍यतीन प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
  • भारत ने अंतर्राष्‍ट्रीय निर्णय प्रक्रिया विशेष रूप से संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद के ढांचे में तत्‍काल सुधार की आवश्‍य‍कता पर बल दिया ताकि ग्‍लोबल साउथ को उचित प्रतिनिधित्‍व दिया जा सके।
  • इस्रायल के सेना प्रमुख ने लेबनान में संभावित हमले के लिए तैयार रहने के निर्देश दिये।
  • मुम्‍बई में तेज बारिश से आम जनजीवन अस्‍तव्‍यस्‍त। मौसम विभाग ने आज महाराष्‍ट्र के कई इलाकों गुजरात, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के हिमालय क्षेत्र में बहुत तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
  • स्‍नूकर में कमल चावला ने मंगोलिया के उलानबातर में विश्‍व सिक्‍स रेड स्‍नूकर चैंपियनशिप जीती।

***********************

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र के पुणे जाएंगे। वहां वे 22 हजार छह सौ करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। श्री मोदी जिला अदालत से स्वारगेट तक चलने वाली मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाएंगे। सुपरकंप्यूटिंग तकनीक के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय सुपरकंप्यूटिंग मिशन के अंतर्गत देश में विकसित लगभग एक सौ तीस करोड़ रुपये के तीन परम रुद्र सुपर कंप्यूटर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। अग्रणी वैज्ञानिक अनुसंधान को सुविधाजनक बनाने के लिए ये सुपर कंप्यूटर पुणे, दिल्ली और कोलकाता में लगाए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी मौसम और जलवायु अनुसंधान के लिए तैयार एक उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटिंग प्रणाली का उद्घाटन भी करेंगे। साढ़े आठ सौ करोड़ रुपये की यह परियोजना मौसम संबंधी अनुप्रयोगों के लिए भारत की गणना संबंधी क्षमताओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

***********************

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कल 57 दशमलव शून्‍य-तीन प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग ने बताया कि इस चरण में छह जिलों की 26 विधानसभा सीटों पर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। इन जिलों में बडगाम, गांदरबल, पुंछ, राजौरी, रियासी और श्रीनगर शामिल हैं। चुनाव आकड़ों के अनुसार श्री माता वैष्‍णों सीट पर अधिकतम 80 दशलवम सात-चार प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं सुरनकोट सीट पर 74 दशमलव नौ-पांच और पुंछ हवेली में 74 दशमलव छह-छह प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं जिलों में रियासी में सर्वाधिक 74 दशमलव सात-शून्‍य प्रतिशत और पुंछ में 73 दशमलव आठ-शून्‍य प्रतिशत मतदान हुआ। मुख्य चुनाव आयुक्‍त राजीव कुमार ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव इतिहास बना रहा है क्योंकि मतदाताओं ने हिंसा और बहिष्कार की जगह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को चुना है। राज्‍य में बाकी बची चालीस सीटों के लिए तीसरे और अंत‍िम चरण में एक अक्‍तूबर को वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती आठ अक्‍तूबर को होगी।

***********************

जम्‍मू-कश्‍मीर के उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने कल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में बडी संख्‍या में मतदाताओं की भागीदारी के लिए उन्‍हें हार्दिक बधाई दी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्‍ट में उन्‍होंने रियासी, पुंछ, राजौरी, गांदरबल, बडगाम और श्रीनगर के मतदाताओं को बधाई दी। श्री सिन्‍हा ने कहा कि रिकॉर्ड मतदान जीवंत और प्रगतिशील लोकतंत्र का उज्‍ज्‍वल उदाहरण है। उन्‍होंने कल दूसरे चरण में सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में निर्बाध, स्‍वतंत्र, निष्‍पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए चुनाव अधिकारियों, जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस और सुरक्षा बलों के उल्‍लेखनीय योगदान की सराहना की।

***********************

केन्‍द्र शासित प्रदेश जम्‍मू-कश्‍मीर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के सफल और हिंसा मुक्‍त मतदान के बाद सबका ध्‍यान अब तीसरे चरण पर केन्द्रित हो गया है। लंगेट विधानसभा सीट पर इस चरण में एक अक्‍तूबर को मतदान होगा। हमारे संवाददाता की इस विधानसभा सीट पर एक विशेष रिपोर्ट-

कल दूसरे चरण में मतदान के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद अब विधानसभा क्षेत्र में प्रचार जोर पकड़ रहा है। इस चरण में जम्मू कश्मीर की 40 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा जिनमें लंगेट एक प्रमुख विधानसभा क्षेत्र है। क्षेत्र में कुल 1 लाख 20 हजार 493 मतदाता है जिनमें 60 हजार 164 पुरूष और 60 हजार 326 महिला मतदाता शामिल है। निर्वाचन आयोग ने लंगेट विधानसभा क्षेत्र में 143 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं जहां विभिन्न दलों के 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना राजनीतिक भाग्य आजमाएंगे। प्रमुख उम्मीदवारों में पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के इरफान सुल्तान पुरी, अवामी इतेहाद पार्टी के खुर्शीद अहमद शेख हैं जो लोकसभा सदस्य सांसद इंजीनियर रधीद के भाई हैं। इस बीच इस क्षेत्र में सुचारू रूप से चुनाव को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की है। आकाशवाणी समाचार के लिए श्रीनगर से सुनील कौल

***********************

इधर, हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान में तेजी आ गई है। वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज करनाल जिले से हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान शुरू करेंगे। श्री गांधी करनाल के असंध विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा को सम्‍बोधित करेंगे। बाद में श्री गांधी हिसार जिले के बरवाला में एक अन्‍य जनसभा को भी सम्‍बोधित करेंगे। हरियाणा विधानसभा के लिए मतदान पांच अक्‍तूबर को होगा। मतगणना आठ अक्‍तूबर को होगी।

***********************

भारत ने अंतर्राष्ट्रीय निर्णय प्रक्रिया, विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के ढांचे में तत्काल सुधारों की आवश्यकता पर बल दिया है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कल न्यूयॉर्क में जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों से बातचीत के दौरान कहा कि संयुक्त राष्ट्र को अतीत में बंदिशों में रखा गया है और विश्व के साथ इसका विकास अवश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद अंतर्राष्ट्रीय शांति और स्थिरता बनाए रखने का अपना लक्ष्य पूरा करने में विफल रही है। इससे विश्व संस्था की प्रभावकारिता और विश्वसनीयता में कमी आई है।

डॉ. जयशंकर ने कहा कि ग्लोबल साउथ की आवाज को समुचित महत्व मिलना चाहिए। उन्‍होंने संयुक्त राष्ट्र में तत्काल सुधार लाने की आवश्यकता बल पर दिया ताकि इस संगठन को प्रतिनिधित्वपूर्ण, भरोसेमंद और कारगर बनाया जा सके। डॉ. जयशंकर ने कहा कि सुरक्षा परिषद के स्थाई और निर्वाचित दोनों तरह के सदस्यों का विस्तार किया जाना चाहिए।

***********************

इस्राइल तथा हिज्‍बुल्‍लाह के बीच संघर्ष में बढ़ोतरी को देखते हुए इस्राइल के सेना प्रमुख ने लेबनान में आशंकित हमले के लिए सेना को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश तब दिया गया है जब इस्राइल के लडाकू विमानों ने सीमापार हिज्‍बुल्‍लाह के ठिकानों पर बमबारी बढा दी है। वर्ष 2006 के बाद यह सबसे घातक हवाई हमला है। एक रिपोर्ट-

इजरायल ने कहा है कि उसके विमानों ने दक्षिण लेबनान और उत्तर में हिज़्बुल्लाह के गढ़ पर हमला किया है और वह उत्तरी सीमा पर इस ऑपरेशन के लिए दो और रिजर्व ब्रिगेड बुला रहा है। इजरायली सेना ने रिहायसी इलाकों की ओर जा रही एक बड़ी मिसाइल को रोकने की सूचना दी है, हालांकि हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि मिसाइल का निशाना इजरायल की मोसाद खुफिया एजेंसी का मुख्यालय था। इज़राइल ने लेबनान में जैसेजैसे अपने हमले बढ़ाए हैं, विश्वभर के नेताओं की चिंता बढ्ती जा रही है। अमरीकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि वाशिंगटन और उसके सहयोगी इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच युद्ध को रोकने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

***********************

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल के सौ दिन पूरे कर लिए हैं। इस दौरान सरकार ने बुनियादी ढांचे, किसानों, मध्यम वर्ग, महिलाओं और युवाओं पर केंद्रित 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं आरंभ की हैं। सरकार की जनकेन्द्रित विशेष योजनाओं का ब्यौरा हमारे संवाददाता से….

किसी भी देश के विकास के लिए सुशासन जरुरी है। इसे ध्यान में रखते हुए, केंद्र सरकार ने समृद्ध भारत बनाने के लिए, कई पहल शुरु की हैं। औपनिवेशिक कानूनों को बदलने के लिए सरकार, तीन नए आपराधिक कानून लेकर आई है जो सजा से अधिक न्याय पर केंद्रित हैं। सरकार ने एकीकृत पेंशन योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत केंद्र सरकार के 23 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। सेवानिवृत्त रक्षा कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए भी सरकार ने वन रैंक, वन पेंशन योजना में संशोधन किया है। पिछले 100 दिनों के दौरान केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों ने 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र जारी किए हैं। परीक्षाओं में नकल और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 भी लाया गया है। एक ऐतिहासिक फैसले के तहत सरकार ने देश में समग्र विकास को बढ़ावा देने और लोक कल्याण योजनाओं की लोगों तक पहुंच बढ़ाने के लिए लद्दाख में पांच नए जिलों के गठन को भी मंजूरी दी है। रहीसुद्दीन रिहान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

***********************

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सियाचिन स्थित आधार शिविर का दौरा करेंगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्‍ट्रपति इस दौरान वहां तैनात सैनिकों के साथ बातचीत भी करेंगी।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की यह सियाचिन की पहली और लद्दाख क्षेत्र की दूसरी यात्रा है। राष्‍ट्रपति के आगमन पर उपराज्यपाल डॉ. बी.डी. मिश्रा, लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद, लेह के मुख्य कार्यकारी पार्षद ताशी ग्यालसन, सांसद हनीफा जान, सैन्य अधिकारी और अन्य स्थानीय अधिकारी उनका स्‍वागत करेंगे। काराकोरम रेंज में स्थित सियाचिन ग्लेशियर दुनिया का सबसे ऊंचा सैन्य क्षेत्र है। भारतीय सेना ने अप्रैल 1984 में ऑपरेशन मेघदूत के अंतर्गत इस क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित किया था। लेह लद्दाख से यांगचान डोल्मा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।

***********************

मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में तेज वर्षा हो रही है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि मुलुंड, भांडुप और अंधेरी सब-वे सहित कई निचले इलाकों में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
कल मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई। बारिश और तूफान के कारण हवाई और रेल यातायात प्रभावित हुआ और कम से कम 14 विमानों को डायवर्ट किया गया ठाणे के मुंब्रा बाईपास पर भूस्खलन हो गया जिसके बाद दो तीन घंटों तक वहां लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आज सुबह 8:30 बजे तक मुंबई और इसके आसपास के जिलों ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने आज सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

***********************

मौसम विभाग ने आज महाराष्ट्र, गोवा, कोंकण, गुजरात, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ भागों में तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने सौराष्ट्र, कच्छ और अरुणाचल प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कल शाम तक बहुत तेज बारिश की आशंका व्‍यक्‍त की है। इस बीच, उत्तराखंड, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में कल तक तेज बारिश की स्थिति बनी रहेगी। अगले दो दिनों के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और बिहार में भी ऐसे ही स्थितियां बनी रहेंगी। मौसम विभाग ने आज दक्षिण भारत, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में भी वर्षा का अनुमान जताया है। वहीं दिल्‍ली और इसके आसपास के क्षेत्रों में आज हल्‍की बारिश और आंधी चलने का अनुमान है।

***********************

भारत के कमल चावला ने मंगोलिया के उलानबातर में आईबीएसएफ विश्व पुरुष- सिक्स रेड स्नूकर चैंपियनशिप जीत ली है। चावला ने फाइनल में पाकिस्तान के असजाद इकबाल को 6-2 से हराकर अपना पहला आईबीएसएफ विश्व खिताब जीता। भारत के लिए मलकीत सिंह, विद्या पिल्लई और कीर्तन पांडियन ने तीन और कांस्य पदक जीते।

***********************

ये समाचार हमारी वेबसाइट www. news on air.gov.in और हमारे News on air App पर भी उपलब्ध हैं

***********************

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंफरहत नाज़।

जम्‍मू-कश्‍मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में मतदाताओं का जबरदस्‍त उत्‍साह आज के अधिकांश समाचार पत्रों के मुख पृष्‍ठ पर है। राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है- बाधांए हारी… जोश जीता…निर्भय होकर वोटिंग के लिए उमडे लोग। जनसत्‍ता ने लिखा है- सोलह देशों के राजनयिक बने शांतिपूर्ण चुनाव के गवाह। वहीं, दैनिक जागरण के शब्‍द हैं- विश्‍व ने देखा लोकतंत्र का उत्‍सव। भारत – चीन संबंध एशिया के भविष्‍य के लिए महत्‍वपूर्ण। विदेश मंत्री एस. जयशंकर का बयान नवभारत टाइम्‍स में है। न्‍यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में विदेश मंत्री ने कहा-चीन बॉर्डर पर गश्‍त से जुडी दिक्‍कतें अभी कायम।  देश के किसी भी हिस्‍से को पाकिस्‍तान नहीं कह सकते, यह क्षेत्रीय अखंडता के खिलाफ। कर्नाटक हाई कोर्ट के न्‍यायाधीश की बेंगलुरु के एक हिस्‍से को लेकर आपत्तिजनक टिप्‍पणी पर सुप्रीम कोर्ट की न्‍यायाधीशों और वकीलों को सलाह- अमर उजाला सहित कई अखबारों में  है। शीर्ष न्‍यायालय ने कहा- कर्तव्‍य पालन में व्‍यक्तिगत पूर्वाग्रह नहीं झलकने चाहिए। दिल्‍ली में प्रदूषण से जंग को हिन्‍दुस्‍तान ने सुर्खी बनाया है। सम-विषम और वर्क फ्रॉम होम की तैयारी। दिल्‍ली सरकार ने विन्‍टर एक्‍शन प्‍लान की घोषणा की। वायु प्रदूषण के हॉट स्‍पॉट की निगरानी पहली बार ड्रोन से की जाएगी। पैरासिटामॉल समेत 53 दवाइयां गुणवत्‍ता परीक्षण में फेल- देशबंधु सहित कई अखबारों में हैं, मधुमेह और हाई ब्‍लड प्रेशर की दवाओं सहित पचास से अधिक दवाएं औषधि नियामक के गुणवत्‍ता परीक्षण में फेल। तीन भारतीय प्रबंधन संस्‍थान-आई.आई.एम. दुनिया के शीर्ष सौ संस्‍थानों में शामिल, रोजगार मुहैया कराने के लिए शीर्ष पचास में स्‍थान मिला। राष्‍ट्रीय सहारा के अनुसार- क्‍यू.एस. ग्‍लोबल एम.बी.ए. और बिजनेस मास्‍टर्स रैकिंग में भारतीय संस्‍थानों का बोलबाला।

***********************

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज पुणे में देश में विकसित तीन परम रूद्र सुपर कम्‍प्‍यूटर राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे।
  • जम्‍मू कश्‍मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 57 दशमलव शून्‍य-तीन प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
  • भारत ने अंतर्राष्‍ट्रीय निर्णय प्रक्रिया विशेष रूप से संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद के ढांचे में तत्‍काल सुधार की आवश्‍य‍कता पर बल दिया।
  • इस्रायल के सेना प्रमुख ने लेबनान में संभावित हमले के लिए तैयार रहने के निर्देश दिये।
  • मुम्‍बई में तेज बारिश से आम जनजीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त। मौसम विभाग ने आज महाराष्‍ट्र के कई इलाकों गुजरात, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के हिमालय क्षेत्र में बहुत तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
  • स्‍नूकर में कमल चावला ने मंगोलिया के उलानबातर में विश्‍व सिक्‍स रेड स्‍नूकर चैंपियनशिप जीती।

***********************