Social Feed

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

September 26, 2024 2:15 PM

दोपहर समाचार

printer

मुख्‍य समाचार:-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लद्दाख में सियाचिन स्थित आधार शिविर का दौरा किया और सैनिकों तथा अधिकारियों के साथ बातचीत की।

  • हरियाणा में एक चरण और जम्मू-कश्मीर में तीसरे तथा अंतिम चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज। सभी राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।

  • बेरूत स्थित भारतीय दूतावास ने इज़राइल और हिज्‍बुल्लाह के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच भारतीय नागरिकों को लेबनान छोड़ने और वहां की यात्रा न करने की सलाह दी।

  • अमरीका, फ्रांस और उनके कुछ सहयोगी देशों ने इजराइल-लेबनान सीमा पर 21 दिनों के तत्‍काल संघर्षविराम का आह्वान किया।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर फिडे शतरंज ओलंपियाड के विजेताओं से बातचीत की।

  • मकाऊ ओपन बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्‍स के प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में किदांबी श्रीकांत तथा आयुष शेट्टी के बीच मुकाबला जारी।

—–

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज लद्दाख में सियाचिन में आधार शिविर का दौरा किया और सियाचिन ग्लेशियर में तैनात सैनिकों तथा अधिकारियों से बातचीत की। श्रीमती मुर्मु ने सैनिकों को संबोधित करते हुए चुनौतीपूर्ण और विषम परिस्थितियों में राष्ट्र की रक्षा करने के लिए उनकी बहादुरी की प्रशंसा की। उन्‍होंने वहां तैनात सैनिकों के परिवारों और रिश्तेदारों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

 

मातृभूमि की रक्षा के लिए आप सब त्‍याग और सहनशीलता के असाधारण उदाहरण प्रस्‍तुत किए हैं। पूरा देश आप सबका सम्‍मान करता है। मातृभूमि की रक्षा के गौरवशाली कर्तव्‍यों को आप दृढ़तापूर्वक निभाते हैं।

 

श्रीमती मुर्मु ने सियाचिन बेस युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

 

पूर्व राष्ट्रपति डॉ अब्दुल कलाम और राम नाथ कोविंद के बाद सियाचिन ग्लेशियर का दौरा करने वाली श्रीमती मुर्मु तीसरी राष्ट्रपति हैं। काराकोरम रेंज में स्थित सियाचिन ग्लेशियर दुनिया का सबसे ऊंचा सैन्‍य क्षेत्र है और भारतीय सेना अप्रैल 1984 में चलाए गए ऑपरेशन मेघदूत के बाद से इसकी रक्षा कर रही है।

—–

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के तीसरे और आखिरी चरण के प्रचार में तेजी आ रही है। गृह मंत्री अमित शाह जम्मू के उधमपुर जिले में रैली को संबोधित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पार्टी के प्रचार अभियान को गति देने के लिए 28 सितंबर को जम्मू जा रहे हैं।

 

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कल जम्मू में लोगों से बातचीत की और कांग्रेस के लिए वोट मांगा। पीपुल्‍स डेमोक्रेटिक पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी कल जम्मू में पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया। केन्‍द्र शासित प्रदेश में अंतिम चरण का चुनाव सभी राजनीतिक दलों के लिए काफी महत्‍वपूर्ण है। अंतिम चरण में एक अक्टूबर को 40 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण के तहत जम्मू की 24 और कश्मीर की 16 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा।

—-

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं।

—–

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज विश्वास व्‍यक्‍त किया कि हरियाणा की जनता भाजपा को एक बार फिर सेवा का मौका देगी। श्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरियाणा के भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार चला रही है।

 

मैं हरियाणा में धरती पर काम कर करके निकला हुआ कार्यकर्ता हूं और मेरा पक्‍का विश्‍वास बना है कि हरियाणा की जनता ने बीजेपी को फिर से एक बार सेवा करने का मौका देना तय कर लिया है, क्‍योंकि उनको खुशी है कि दस साल में बिना भ्रष्‍टाचार के सरकार चलाना यह हरियाणा में पहली बार हुआ है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को बिना किसी गलत तरीके का सहारा लिए रोजगार मिल रहा है। श्री मोदी ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह पार्टी गुटबाजी, अंदरूनी कलह और एक-दूसरे से हिसाब बराबर करने में उलझी हुई है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी पार्टी कभी भी हरियाणा की जनता का विश्वास नहीं जीत सकती।

—–

वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी करनाल जिले में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। हरियाणा विधानसभा के लिए मतदान पांच अक्‍तूबर को होगा। मतगणना आठ अक्‍तूबर की जाएगी।

—–

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज कहा कि भारत विज्ञान के क्षेत्र में दुनिया में अपना पुराना गौरव फिर से हासिल करने की राह पर अग्रसर है। नई दिल्ली में वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद – सीएसआईआर के 83वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्षता करते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि प्राचीन भारत ने अपने वैज्ञानिक ज्ञान से दुनिया को गौरवान्वित किया था।

 

उपराष्ट्रपति ने देश की नींव को मजबूत करने के लिए सीएसआईआर की सराहना की। उपराष्ट्रपति ने इस अवसर पर एन.ए.एस.सी. परिसर में ‘सीएसआईआर थीमैटिक प्रदर्शनी 2024’ का भी उद्घाटन किया। उन्होंने एन.ए.एस.सी. परिसर में अपनी दिवंगत मां केसरी देवी की याद में एक पौधा भी लगाया।

—–

बेरूत में भारतीय दूतावास ने इज़राइल और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण भारतीय नागरिकों को लेबनान की यात्रा न करने और लेबनान से लौटने की सलाह दी है।

 

भारतीय दूतावास ने कहा है कि जो लोग किसी भी कारण से वहां रुके हुए हैं उन्हें अत्यधिक सावधानी बरतने, अपनी गतिविधियों को सीमित करने और भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है। लेबनान में हाल के इजरायली हवाई हमलों में 50 बच्चों सहित पांच सौ 58 लोग मारे गए और एक हजार आठ सौ 35 घायल हो गए। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

——

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने एशियन इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर इन्‍वेस्‍टमेंट बैंक-ए.आई.आई.बी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की 9वीं वार्षिक बैठक के अवसर पर उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव से कल समरकंद में मुलाकात की। श्रीमती सीतारामन ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव को विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर उप प्रधानमंत्री और व्यापार, निवेश और उद्योग मंत्री के साथ हुई सार्थक बातचीत की जानकारी दी।

—–

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक से अलग कल न्यूयॉर्क में जी-20 देशो के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने की। डॉ. जयशंकर ने ट्रोइका के सदस्य के रूप में बोलते हुए वैश्विक शासन सुधार के तीन प्रमुख क्षेत्रों पर भारत के विचार व्‍यक्‍त किए। इनमें संयुक्त राष्ट्र और उसके सहायक निकायों में सुधार, अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय ढांचे में सुधार और बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली में सुधार शामिल हैं।

—–

भारत ने देशों की समुद्री सीमाओं से बाहर समुद्री जैव विविधता की रक्षा के लिए कल संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक अंतरराष्ट्रीय समझौते पर हस्ताक्षर किए। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत की ओर से समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते का उद्देश्य समुद्री जीवन का संरक्षण सुनिश्चित करना है।

 

इस समझौते को अंतिम रूप देने में 20 वर्ष का समय लगा और पिछले वर्ष इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाया गया। यह अवैध तरीके से मछली पकड़ने और प्रदूषण फैलाने पर प्रतिबंध लगाता है।

 

समझौते के तहत, देश अपनी समुद्री सीमा से बाहर समुद्री संसाधनों पर संप्रभु अधिकार का दावा नहीं कर सकते। इससे समुद्री संसाधनों से लाभ का न्यायसंगत बंटवारा सुनिश्चित होता है। केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने इस समझौते में भारत की भागीदारी को जुलाई में मंजूरी  दी थी।

—–

अमरीका, फ्रांस और उनके कुछ सहयोगी देशों ने इज़राइल और हिजबुल्लाह के बीच लड़ाई बढने के बाद इज़राइल-लेबनान सीमा पर 21 दिनों के तत्काल संघर्षविराम का आह्वान किया है।

 

यह वक्‍तव्‍य अमरीका, फ्रांस, यूरोपीय संघ, जर्मनी, सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात सहित कुछ अन्य साझेदार देशों की ओर से दिया गया है।

 

वक्‍तव्‍य में इज़राइल और लेबनान की सरकारों से अस्थायी संघर्षविराम कतुरंत अनुमति देने का आह्वान किया गया है। अमरीका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि इस 21 दिन की अवधि के दौरान गजा में संघर्षविराम पर विचार की संभावनाएं बढ सकती हैं। इजराइल और लेबनान के हिजबुल्लाह संगठन के बीच हमलों से क्षेत्रीय युद्ध की आशंका बढ़ गई है। इज़राइल ने बुधवार को लेबनान में हवाई हमले तेज कर दिए जिसमें कई लोग मारे गए। समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।

—–

श्रीलंका में चुनाव आयोग ने 14 नवंबर को होने वाले संसदीय चुनाव के लिए सीट आवंटन की जानकारी जारी कर दी है। 22 जिलों में से गमपाहा को सबसे अधिक 19 सीटें दी गई हैं, जबकि त्रिंकोमाली को 4 सीटें दी गई हैं।

 

राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने 14 नवम्‍बर को आम चुनाव कराने की घोषणा करते हुए मंगलवार रात में संसद भंग कर दी थी।

—–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल नई दिल्ली में अपने आवास पर भारतीय शतरंज ओलंपियाड टीम के सदस्‍यों के साथ बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई भी देश सभी क्षेत्रों में उन्‍नति हासिल करने से विकसित देश बनता है।

 

कोई देश विकसित बनता है, तो सिर्फ खजाने से नहीं बनता है। उसके पास कितने पैसे हैं? कितने उद्योग हैं? जीडीपी कितना है? इतने से नहीं बनता है। हर फील्‍ड में वो दुनिया में महारथ होनी चाहिए। वैसे ही खेल में भी मैक्सिमम गोल्‍ड हमारे बच्‍चे कैसे लाएं? ये जब होता है इतने सारे वर्टिकल तब देश महान बनता है।

 

श्री मोदी ने 45वीं फिडे शतरंज ओलंपियाड की विजेता भारतीय टीम के सदस्यों के बीच शतरंज की एक बाजी भी देखी। भारत ने हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित 2024 शतरंज ओलंपियाड में इतिहास रचते हुए महिला और पुरूष दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीता था। शतरंज खिलाड़ी आर प्रज्ञानानंद ने शतरंज सहित कई विषयों की जानकारी के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की। बैठक के बाद शतरंज खिलाड़ी तानिया सचदेव ने कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी और खेल के प्रति उनके जुनून से प्रेरित हैं।

 

सर मैंने हमेशा देखा है कि आप हर स्‍पोर्ट और स्‍पोर्ट पर्सन को इतना इनकरेज करते हैं और इतना सपोर्ट करते हैं। मुझे ऐसा लगता है कि आपका स्‍पोर्ट्स से बहुत बड़ा लगाव है। हर एक स्‍पोर्ट से। 

——

मकाऊ ओपन बैडमिंटन में पुरुष सिंगल्‍स के प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में भारत के किदांबी श्रीकांत का अपने ही देश के आयुष शेट्टी से मुकाबला हो रहा है। महिला डबल्‍स में, तीसरी वरीयता प्राप्त भारत की गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली की जोडी ताइवान की लिन चिह-चुन और टेंग चुन-हसुन की जोडी से खेलेंगी।  इस बीच, महिला सिंगल्‍स में, भारतीय खिलाडी तसनीम मीर प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में चौथी वरीयता प्राप्त जापान की टोमोका मियाज़ाकी से 17-21, 21-13, 10-21 से हार गईं।

——

गृह मंत्रालय ने अरूणाचल प्रदेश के तीन जिलों और नामसाई जिले के कुछ हिस्‍सों में सशस्त्र बल (विशेष अधिकार) अधिनियम, अफस्‍पा को पहली अक्टूबर से छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा है कि अरुणाचल प्रदेश में तिरप, चांगलांग और लोंगडिंग जिलों तथा नामसाई जिले में नामसाई, महादेवपुर और चौखम पुलिस स्टेशनों के अधिकार क्षेत्र में आने वाले क्षेत्रों को अशांत क्षेत्र घोषित किया गया है।

 

नागालैंड के आठ जिलों और पांच जिलों के कुछ इलाकों में भी अफस्‍पा को 6 महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। ये जिले दीमापुर, न्यूलैंड, चुमौकेदिमा, मोन, किफिरे, नोकलाक, फेक और पेरेन हैं।

——-

केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन-सीडीएससीओ ने अपनी रिपोर्ट में 50 से अधिक दवाओं को    ‘मानक गुणवत्ता के स्‍तर से नीचे का घोषित किया है। इन दवाओं में पैरासिटामोल, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स और कैल्शियम और विटामिन डी3 टैबलेट शामिल हैं।

——-

फार्मास्यूटिकल्‍स विभाग के सचिव अरुणीश चावला ने आज कहा कि चिकित्‍सा प्रौद्योगिकी और फार्मास्यूटिकल्‍स उद्योग भारत में निर्यात के लिए प्रमुख क्षेत्र बन गया है। नई दिल्ली में वार्षिक फार्मा शिखर सम्मेलन 2024 को संबोधित करते हुए, श्री चावला ने कहा कि चिकित्‍सा प्रौद्योगिकी और फार्मास्यूटिकल्‍स भारत से निर्यात किया जाने वाला चौथा सबसे बड़ा उत्‍पाद है।

——-

मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में तेज वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने मुंबई और ठाणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें आज अत्यधिक तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने की आशंका व्‍यक्‍त की है। बृहन्मुंबई नगर निगम- बीएमसी ने घोषणा की है कि मुंबई में सभी स्कूल और कॉलेज आज बंद रहेंगे।

——-

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में दक्षिण गुजरात क्षेत्र में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

——-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लद्दाख में सियाचिन स्थित आधार शिविर का दौरा किया और सैनिकों तथा अधिकारियों के साथ बातचीत की।

  • हरियाणा में एक चरण और जम्मू-कश्मीर में तीसरे और अंतिम चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज। सभी राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।

  • बेरूत स्थित भारतीय दूतावास ने इज़राइल और हिज्‍बुल्लाह के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच भारतीय नागरिकों को लेबनान छोड़ने और वहां की यात्रा न करने की सलाह दी।

  • अमरीका, फ्रांस और उनके कुछ सहयोगी देशों ने इजराइल-लेबनान सीमा पर 21 दिन के तत्‍काल संघर्षविराम का आह्वान किया।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर फिडे शतरंज ओलंपियाड के विजेताओं से बातचीत की।

  • मकाऊ ओपन बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्‍स के प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में किदांबी श्रीकांत और आयुष शेट्टी के बीच मुकाबला जारी।

——-